नई दिल्ली। इस साल 25 अक्टूबर यानी शुक्रवार को 'धनतेरस' का त्योहार मनाया जा रहा है। हिंदुओं में इस त्योहार पर सोने या चांदी के आभूषण और बर्तन, सिक्के खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन आरोग्य के देव धनवन्तरि, माता लक्ष्मी और धन-संपत्ति के कुबेर की दीपक जलाकर पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की जाती है।
ये है शुभमुहर्त-
हर साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस साल कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी तिथि 25 अक्टूबर, 2019 यानी शुक्रवार को पड़ रही है। ज्योतिषाचार्य पं. गणेश प्रसाद मिश्र के अनुसार धनतेरस का शुभ मुहुर्त 25 अक्टूबर को शाम 04 बजकर 32 मिनट पर शुरू होकर अगले दिन 26 अक्टूबर, 2019 को दोपहर 02 बजकर 08 मिनट पर समाप्त हो रहा है। इसका मतलब इस बार धनतेरस दो दिन पड़ रही है और आपके पास खरीदारी के लिए भी दो दिन का समय है। अच्छे लाभ के लिए आप इसी मुहुर्त में खरीदारी करें।
क्यों मनाते हैं धनतेरस-
पुरानी मान्यताओं के अनुसार हिंदु धनवन्तरि की जयंती को धनतेरस के रूप में मनाते हैं। मान्यता है कि समुद्र मंथन के समय भगवान धनवन्तरि अमृत कलश लेकर उत्पन्न हुए थे और इस दिन कार्तिक त्रयोदशी तिथि थी। भगवान धनवन्तरि देवताओं के वैद्य और महान चिकित्सक माने जाते हैं इसलिए इस दिन पूजा और औषधि दान करने का विधान है।
इस मंत्र का करें जाप-
धनतेरस पर भगवान धनवन्तरि की पूजा पूरे विधि-विधान से की जाती है। इसके साथ ही अगर आप मंत्र का भी जाप करेंगे तो ये आपके लिए और भी ज्यादा फलदायी होगा। इस बार पूजा में "ओम धन्वंतरये नमः॥" मंत्र का जाप जरूर करें।